प्रदेशभर में हर्ष, देश-विदेश से मिल रहीं बधाइयाँ
शहडोल/भोपाल। विश्व में सनातन मूल्यों के पुनर्जागरण और उन्हें वैश्विक मंच पर स्थापित करने के उद्देश्य से कार्यरत विश्व सनातन कल्याण संघ ने संगठन विस्तार करते हुए समाजसेवी जे. पी. साहू को मध्यप्रदेश युवा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस नियुक्ति से प्रदेशभर के सनातन कार्यकर्ताओं में उत्साह और हर्ष का माहौल है।
संघ के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय दादा अयोध्यावासी, राष्ट्रीय संघ संरक्षक राजू दास, राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष बबीता शर्मा एवं राष्ट्रीय महासचिव सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने जे. पी. साहू को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा। साहू लंबे समय से सनातन विचारधारा के लिए समर्पित रहकर विभिन्न धार्मिक-आध्यात्मिक यात्राओं एवं अभियानों का नेतृत्व करते रहे हैं।
जे. पी. साहू सनातन एकता यात्रा राम वन गमन पथ एवं पाँच पांडव स्थलों की यात्रा के संयोजक रह चुके हैं। वे माता शबरी श्रीराम रथ यात्रा 2023-24 के मध्यप्रदेश कार्यक्रम प्रभारी, तिरंगा यात्रा 2023-24 के यात्रा संयोजक तथा स्वामी जगन्नाथ कर्मा देवी हेलीकॉप्टर यात्रा के सह प्रभारी भी रहे हैं। उनके अनुभव और सक्रियता को देखते हुए संघ को विश्वास है कि सनातन कल्याण के कार्यों को नई गति मिलेगी।
नियुक्ति पर जे. पी. साहू ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण से निभाएंगे। उनकी नियुक्ति पर देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।


















