रतनपुर व देवाडाड में नए 33/11 केवी सबस्टेशन शुरू
43 गांवों को लो-वोल्टेज से मिलेगी राहत, अब सुचारू और स्थिर बिजली आपूर्ति
एमसीबी/खड़गवां। क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षों से परेशान कर रही लो-वोल्टेज और बाधित विद्युत आपूर्ति की समस्या का अब स्थायी समाधान होने जा रहा है। खड़गवां 33/11 केवी सबस्टेशन पर अत्यधिक लोड को देखते हुए रतनपुर और देवाडाड में नए 33/11 केवी सबस्टेशन स्थापित कर संचालित कर दिए गए हैं। दोनों सबस्टेशनों के शुरू होने से खड़गवां सबस्टेशन का लोड बड़े पैमाने पर कम होगा तथा 43 गांवों के हजारों लोगों को बेहतर बिजली सुविधा मिलेगी
रतनपुर सबस्टेशन: 9 गांव होंगे लाभान्वित
अब रतनपुर सबस्टेशन से इन गांवों में आपूर्ति दी जाएगी—
रतनपुर, कोंडांगी, बोडेमुडा, कन्हारबहरा, तामडाड, पेंड्री, धनपुर, कोटेया और कांसाबहरा
देवाडाड सबस्टेशन: 14 गांवों को मिलेगी राहत
देवाडाड सबस्टेशन से अब निम्न गांवों को बिजली आपूर्ति—
कोचका, लकड़ापारा, गिद्धमुडी, देवडांड, सलका, सुंदरपुर, मंगोरा पटपरिहापरा, फूनगा, सरस्ताल, जरोधा, सकड़ा, बहेराबांध, कटकोना और बेलकामार
पहले खड़गवां सबस्टेशन पर था 43 गांवों का बोझ
भीषण लोड के कारण खड़गवां सबस्टेशन पर लगातार लाइन ट्रिपिंग, वोल्टेज ड्रॉप और बाधित सप्लाई जैसी समस्याएं होती थीं। इससे जुड़े 20 गांव थे—
खड़गवां, पौंडीडीह, छापर, बरदर, चनवारीं डांड, शिवपुर, करवां, बरामपुर, अखराडांड, ठगगांव, दुबछोला, सिटीपाथर, बहालपुर, सिंघत, दुग्गी, बंजारिडांड, गढ़तर, सेंदा, मझौली और पिपरबहरा
अब मिलेगी निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली
दोनों नए सबस्टेशनों के शुरू हो जाने से लोड विभाजन हो गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिर, बेहतर और निरंतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। बिजली विभाग के अनुसार आगे भी विद्युत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कार्य जारी रहेगा
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का वक्तव्य
स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा—
“पहले खड़गवां सबस्टेशन से 40 से अधिक गांवों को बिजली दी जा रही थी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक परेशानियां उत्पन्न होती थीं। रतनपुर और देवाडाड सबस्टेशनों के निर्माण से अब जनता को स्थिर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध होगी। सरकार का लक्ष्य हर परिवार तक निर्बाध बिजली पहुंचाना है
उन्होंने बताया कि ₹2 करोड़ 91 लाख की लागत से किए गए इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत होगी
मंत्री ने कहा—
“रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाय पर वचन न जाए — जिस प्रकार रघुकुल का वचन पवित्र माना जाता है, उसी प्रकार मोदी जी का संकल्प भी जनता के प्रति दृढ़ और ईमानदार है। मैं भी उनका कार्यकर्ता होने के नाते जनता से किया हर वादा पूरा कर रहा हूं
मंत्री जायसवाल ने महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि 16 गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे सिंचाई सहित सभी गतिविधियों पर अब लो-वोल्टेज का असर नहीं पड़ेगा
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जताया उत्साह
कार्यक्रम में धर्मपाल सिंह, राम लखन साहू, सोनमती उर्रे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण व पंचायत पदाधिकारी उपस्थित रहे। लोगों ने नए सबस्टेशनों के शुरू होने को क्षेत्र के विकास के लिए “बड़ा और बहुप्रतीक्षित कदम” बताया


















