एमसीबी। नगर पंचायत नई लेदरी की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है। वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद विकास दिवान को नगर पंचायत नई लेदरी का नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति पूर्व विधायक गुलाब कमरों और कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव की अनुशंसा पर की गई है जिसे संगठन ने औपचारिक स्वीकृति प्रदान की है।
नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद विकास दिवान ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं और संगठन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है। उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत में जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को मजबूती और तथ्यपूर्ण ढंग से रखा जायेगा। विकास दिवान ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं जैसे साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, राशनकार्ड, गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जायेगा साथ ही वे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिये विपक्ष की सशक्त और सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर के विकास कार्यों में जहां अच्छे प्रयास होंगे वहां विपक्ष के रूप में सहयोग किया जायेगा वहीं जनता के हितों की अनदेखी होने पर आवाज बुलंद की जायेगी। उनका उद्देश्य टकराव नहीं बल्कि जनहित में रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाना है।
विकास दिवान की नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नेताओं का मानना है कि उनके अनुभव और सक्रियता से नगर पंचायत में जनसमस्याओं को मजबूती से उठाया जायेगा और जनता की आवाज को एक सशक्त मंच मिलेगा।


















