क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात
मनेन्द्रगढ़। क्षेत्र के स्वास्थ्य और शिक्षा विकास को नई दिशा देते हुए मनेन्द्रगढ़ के परसगढ़ी में शासकीय फिजियोथेरेपी कॉलेज के निर्माण कार्य का भूमिपूजन गुरुवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
करीब 1393.71 लाख रुपयों की लागत से बनने वाला यह कॉलेज क्षेत्र के लिये एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। फिजियोथेरेपी जैसे उभरते चिकित्सा क्षेत्र में यह संस्थान युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध करायेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिये निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे संस्थानों की स्थापना से स्थानीय प्रतिभाओं को अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और बड़े शहरों की ओर पलायन भी कम होगा।
बताया गया कि कॉलेज का संचालन प्रारंभिक रूप से सिंधी कालरी एजुकेशन सोसायटी के माध्यम से इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू किया जायेगा जबकि स्थायी भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद इसे परसगढ़ी स्थित नये परिसर में स्थानांतरित किया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, प्राचार्य राहुल जैन सहित अन्य अधिकारियों ने कॉलेज की रूपरेखा और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे ना केवल शिक्षा का स्तर बढ़ेगा बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे। कुल मिलाकर यह पहल मनेन्द्रगढ़ के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।












