अनूपपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र–छात्राओं का सम्मान समारोह शनिवार को उत्कृष्ट विद्यालय, अनूपपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जिले स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 2873 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों सहित अन्य उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संदीप खरे, विभाग संगठन मंत्री शिवेंद्र चतुर्वेदी, विभाग छात्रा प्रमुख अंजली पांडे, जिला संयोजक प्रणव मिश्रा, नगर अध्यक्ष दुर्गेश द्विवेदी, नगर मंत्री अभिषेक तिवारी, भाजपा जिला महामंत्री श्याम नारायण शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह तथा मंडल उपाध्यक्ष राजा तिवारी सहित अनेक पदाधिकारी व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि देश और समाज को तोड़ने वाली वामपंथी विचारधाराओं से सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति लागू कर विद्यार्थियों के भविष्य को सशक्त बनाया जा रहा है। सरकार शिक्षा और युवाओं के विकास के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने एबीवीपी को राष्ट्र एवं समाज हित में कार्यरत संगठन बताया। अंत में मंत्री ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


















