में मांदल की थाप पर थिरके नेता प्रतिपक्ष
संस्कृति, एकता और स्वाभिमान का दिया संदेश
कोयलांचल समाचार
ब्यूरो रिपोर्ट: शैलेंद्र जोशी
धार जिले की गंधवानी विधानसभा के विधायक एवं मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शुक्रवार को पारंपरिक भगोरिया उत्सव में पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। वे हेलीकॉप्टर से खरगोन, बिल्दा और अमझेरा पहुंचे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
सिंघार सबसे पहले खरगोन जिले के दशलगांव पहुंचे और भगोरिया हाट में जनसमुदाय के साथ शिरकत की। मांदल की थाप गूंजते ही वे स्वयं को रोक नहीं सके और पारंपरिक अंदाज में आदिवासी युवाओं के साथ नृत्य किया। इस दौरान उन्होंने मांदल भी बजाया तथा युवाओं के साथ कुर्राटी भरते नजर आए।
इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से गंधवानी क्षेत्र के ग्राम बिल्दा पहुंचे। यहां भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा, “भगोरिया का यह उत्सव हमारी संस्कृति, एकता, प्रेम और स्वाभिमान की जीवंत पहचान है। अपनों के बीच मिला यह स्नेह और अपनापन मन को गहराई तक छू गया और हृदय अपार प्रसन्नता से भर उठा।”
सिंघार सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अमझेरा भी पहुंचे, जहां रंग-बिरंगे परिधानों में सजे युवक-युवतियों और ढोल-मांदल की गूंज के बीच उन्होंने जनसमुदाय का अभिवादन किया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और आपसी मेल-मिलाप ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया।
उत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और भगोरिया का पारंपरिक स्वरूप पूरे जोश और उमंग के साथ दिखाई दिया।








