अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

करवाचौथ पर सुहागिनों ने मांगा पति की दीर्घायु का आशीर्वाद

WhatsApp Group Join Now

करवाचौथ पर सुहागिनों ने मांगा पति की दीर्घायु का आशीर्वाद

चांद का दीदार होते ही खुशियों से झूम उठीं महिलाएं

एमसीबी। पूरे भारत में शुक्रवार को करवाचौथ का पर्व पारंपरिक उत्साह और आस्था के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में भी सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखा। सुबह से ही शहर का माहौल पूरी तरह करवाचौथमय रहा। बाजारों में चूड़ियों, साड़ियों और पूजा-सामग्री की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही।
शुक्रवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने के कारण महिलाओं को चांद के दर्शन के लिए कुछ देर इंतजार करना पड़ा। महिलाएं सोलह श्रृंगार से सजीं, हाथों में मेहंदी और चूड़ियां सजाए शाम होते ही समूहों में एकत्र होकर पूजा की तैयारी में जुट गईं। शहर के विभिन्न मंदिरों के प्रांगण और घरों में महिलाओं ने एक साथ मिलकर करवाचौथ की कथा सुनी और माता गौरी के साथ भगवान शिव से अपने पति के दीर्घ जीवन की कामना की। पूजा के दौरान मंगल गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रात लगभग 9:30 बजे जैसे ही आसमान में बादलों के बीच से चांद की पहली झलक दिखाई दी तो महिलाओं के चेहरों पर खुशी छलक उठी। सभी ने परंपरा के अनुसार चलनी से चांद को निहारा फिर अपने पति के दर्शन किये और उनके हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का समापन किया। चांदनी रात में आभूषणों से सजी महिलाएं, दीपक की रौशनी में एक-दूसरे को बधाई देते हुए अपने परिवार की खुशहाली की कामना करती नजर आईं। करवाचौथ के इस पावन पर्व ने मनेन्द्रगढ़ की रात को भक्ति, प्रेम और आस्था से सराबोर कर दिया।

खबरों को शेयर कीजिए। धन्यवाद

Leave a Comment