अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

मनेन्द्रगढ़ की साहित्यकार अनामिका चक्रवर्ती को बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन में मिला राष्ट्रीय सम्मान

WhatsApp Group Join Now

मनेन्द्रगढ़ की साहित्यकार अनामिका चक्रवर्ती को बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन में मिला राष्ट्रीय सम्मान

 

एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ की सशक्त साहित्यकार अनामिका चक्रवर्ती को उनके विशिष्ट साहित्यिक योगदान के लिये देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों से सम्मान मिल रहा है। इसी कड़ी में उन्हें बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के 44वें महाअधिवेशन में प्रो. संपत्ति आर्याणी स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान 20 दिसंबर 2025 को आयोजित समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान के करकमलों से प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ ने की। इस अवसर पर सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, केन्द्रीय हिन्दी संस्थान, आगरा के निदेशक डॉ. सुनील बाबूराव कुलकर्णी और मॉरिशस से आई सुविख्यात लेखिका सरिता बुधू विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

समारोह में देशभर से आये लेखक, कवि, वरिष्ठ साहित्यकार, प्रबुद्ध श्रोतागण और साहित्य प्रेमी युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। छत्तीसगढ़ राज्य से इस सम्मान के लिये केवल अनामिका चक्रवर्ती का चयन किया गया।

गौरतलब है कि हाल ही में भोपाल में प्रतिष्ठित साहित्यिक समूह ‘दस्तक संवाद’ के आयोजन में अनामिका चक्रवर्ती के काव्य संग्रह “एक अरसे बाद” का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर देश के प्रख्यात साहित्यकार एवं कवि राजेश जोशी, मदन कश्यप, विष्णु नागर, कुमार अंबुज एवं मुकेश वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। दस्तक संवाद के दो दिवसीय कार्यक्रम के द्वितीय दिन, प्रथम सत्र में यह लोकार्पण ध्रुपद संस्थान भोपाल में संपन्न हुआ। सत्र का संचालन दस्तक संवाद के संस्थापक-संचालक कवि अनिल करमेले ने किया। काव्य संग्रह पर समापवर्तन पत्रिका के संपादक एवं प्रसिद्ध कवि निरंजन श्रोत्रिय ने अपना महत्वपूर्ण वक्तव्य प्रस्तुत किया।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हसदेव धारा साहित्य और कला मंच के संस्थापक सदस्य मृत्युंजय सोनी, कार्टूनिस्ट जगदीश पाठक, वरिष्ठ साहित्यकार गंगा प्रसाद मिश्र, वीरांगना श्रीवास्तव, सुषमा श्रीवास्तव सहित अनेक साहित्यकारों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।

Leave a Comment