15 प्रकरणों में हुआ 7 हजार 500 रुपये का जुर्माना
एमसीबी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशानुसार जिले में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिये लगातार मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में 15 दिसम्बर 2025 को सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मनेन्द्रगढ़ निरीक्षक दीपेश सैनी द्वारा कलेक्टर कार्यालय के सामने विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय में कार्यरत ऐसे कर्मचारी जो मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन नहीं कर रहे थे उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई।
जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 14 प्रकरण और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 01 प्रकरण दर्ज किया गया। इन सभी मामलों में कुल 7,500 रुपयों की चालानी कार्यवाही की गई साथ ही संबंधित कर्मचारियों को भविष्य में यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिये समझाइश और जागरूक किया गया।
मनेन्द्रगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।


















