राखी बनाओ प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में दिखा गजब का उत्साह
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में राखी बनाओ प्रतियोगिता और उत्सव धूमधाम से सम्पन्न
मनेन्द्रगढ़। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन पर्व को विशेष उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए राखी बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति का सुंदर प्रदर्शन किया।
रंग-बिरंगी मोतियों, चमकीले गोटे, रिबन, और फूल-पत्तियों से सजी राखियों ने सबका मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने ना केवल अपनी कक्षा में बल्कि मंच पर भी अपने कार्य को गर्व से प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, भाई-बहन के प्रेम और पारंपरिक कला के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य ने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व का महत्व समझाया और भाई-बहन के रिश्ते में विश्वास, स्नेह और सुरक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। विजेताओं को विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।
विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव का माहौल बना रहा और सभी विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन पर्व को मिल जुलकर मनाने का संकल्प लिया।


















