बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में सोमवार को कोयला उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कंज्यूमर मीट का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सीएमडी हरीश दुहन ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एसईसीएल अब “गुणवत्ता सर्वोपरि” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता युक्त, भरोसेमंद और समयबद्ध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से खुलकर सुझाव देने का आह्वान करते हुए आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने “Production with Purity, Dispatch with Quality” के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि उत्पादन से लेकर डिस्पैच तक हर स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित करना कंपनी की प्राथमिकता है। निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) रमेश चंद्र महापात्र भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक (खनन/विक्रय) अजीत चौधरी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता प्रबंधन और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान उपभोक्ताओं ने कोयले के मूल्य वापसी, बैंक गारंटी, गुणवत्ता आपूर्ति एवं अन्य परिचालन संबंधी विषयों पर अपने प्रश्न और सुझाव प्रस्तुत किए, जिनका सीएमडी ने विस्तार से उत्तर देते हुए त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (गुणवत्ता) संजीव निगम, महाप्रबंधक (वित्त) रोंटी बसु सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गुणवत्ता नियंत्रण, पारदर्शिता और तकनीकी उन्नयन के माध्यम से उपभोक्ता संतुष्टि को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।









