स्वास्तिक हेल्थ केयर अस्पताल का मामला, परिजनों ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की
शहडोल/अनूपपुर। बुढ़ार स्थित स्वास्तिक हेल्थ केयर अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा बिना आवश्यक जांच के लगाए गए इंजेक्शन से महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और डॉक्टर मरीज को तड़पता छोड़कर अस्पताल से चला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी की शाम मनोहर लाल जगवानी अपनी पत्नी बबिता जगवानी को चक्कर आने की शिकायत पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां मौजूद डॉ. पीयूष कुमार सिंह ने बिना ब्लड जांच, ईसीजी या अन्य परीक्षण के मरीज को भर्ती करने का दबाव बनाया। परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने जांच रिपोर्ट आने से पहले ही तीन इंजेक्शन लगा दिए, जिसके बाद महिला को धुंधला दिखाई देने लगा और हालत गंभीर हो गई।
परिजनों का आरोप है कि स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टर बिना उचित उपचार या प्रक्रिया पूरी किए अस्पताल से चले गए। इसके बाद परिजन महिला को शहडोल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित परिवार ने बुढ़ार थाना में लिखित शिकायत देकर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।









