मोटर पंप चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
बिजुरी पुलिस ने 10 हजार रुपए का पेट्रोल पंप बरामद कर भेजा न्यायिक हिरासत में
अनूपपुर। चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के तहत बिजुरी पुलिस ने मोटर पंप चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
9 फरवरी को ग्राम तरसिली निवासी राजेन्द्र कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कोठी–उमरदा मुख्य सड़क स्थित नहर के पास से उनका क्राउन कंपनी का लाल रंग का पेट्रोल वाटर पंप चोरी हो गया। अपराध धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम तरसिली के रमेश साहू उर्फ कल्लू (31) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी स्वीकार की और 10 हजार रुपए कीमत का मोटर पंप बरामद कराया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रदीप अग्निहोत्री, ईश्वर यादव, लक्ष्मण डांगी, विश्वजीत मिश्रा और राकेश चौहान की भूमिका रही।









