अनूपपुर। छत्तीसगढ़ सीमा पार कर अनूपपुर जिले में प्रवेश किए तीन हाथियों का दल पिछले 51 दिनों से जैतहरी और अनूपपुर क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहा है। मंगलवार रात एक दंतैल नर हाथी सेंदुरी–बेलापार–भगतबांध मार्ग से सोन नदी पार कर भोलगढ़ होते हुए खांड़ा गांव पहुंचा और चार कच्चे मकानों में तोड़फोड़ कर दी। शंकर राठौर, राम सिंह, हीरामन पाव और सोनू सिंह पाव के घरों में रखा खाद्यान्न नुकसान हुआ, वहीं गेहूं, अरहर, गन्ना और केला की फसलें भी रौंद दी गईं।
वन विभाग के अनुसार हाथी दिन में पोंड़ी बीट के जंगल में रुका और रात में 8–10 किमी दूरी तय कर गांव में घुस आया। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर वह लेंटाना झाड़ियों में छिपकर फिर नए इलाके की ओर बढ़ जाता है। बुधवार सुबह वह खांड़ा बांध के ऊपरी जंगल में विश्राम करता पाया गया।
उधर दो अन्य हाथी जैतहरी वनपरिक्षेत्र के धनगवां बीट में पिछले 10 दिनों से डेरा डाले हैं और फिलहाल जंगल से बाहर नहीं निकले हैं। वन व पुलिस अमला निगरानी में जुटा है तथा लोगों से रात में अकेले न निकलने की अपील की गई है। कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर राजस्व विभाग ने नुकसानी का सर्वे प्रारंभ कर राहत प्रकरण तैयार करना शुरू कर दिया है









