अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक मां
पतित पावनी आदि शक्ति भगवती मां नर्मदा मैय्या के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव की सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण की ओर हैं । महोत्सव के मुख्य आयोजन स्थल रामघाट में पंडाल लगाकर मंच पूरी तरह तैयार कर लिया गया है ।
रामघाट के दक्षिण तट पर भव्य विद्युत साज-सज्जा की गई है वहीं मां नर्मदा उद्गम स्थल एवं मंदिर परिसर को विद्युत झालरों से आकर्षक रूप से सजाया गया है । नर्मदा मंदिर के आसपास तथा रामघाट उत्तर एवं दक्षिण तट पर साफ-सफाई का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है । आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए स्वच्छता पर विशेष बल दिया गया है ।
नर्मदा महोत्सव के नोडल अधिकारी एवं पुष्पराजगढ़ के अनुविभागीय दंडाधिकारी वसीम अहमद भट्ट ने बताया कि नर्मदा महोत्सव की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली गई हैं । मंच निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा रामघाट और नर्मदा मंदिर परिसर को विद्युत साज-सज्जा से आकर्षक रूप प्रदान किया गया है । उन्होंने बताया कि नर्मदा मंदिर परिसर को फूलों से सजाने का कार्य रात्रि तक पूर्ण कर लिया जाएगा ।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पुष्पराजगढ़ नवीन तिवारी जी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है ।
क्षेत्र संयोजक जन जातीय कार्य विभाग के संतोष बाजपेयी प्रभारी रंगोली और शोभा यात्रा ने बताया की सभी तैयारीयां चल रही है । पीएम श्री हायर सेकंडरी की स्कूली बच्चियां रंगोलियां बनाना प्रारंभ कर दी है । मुख्यरूप से पंडित दीनदयाल चौक , रामघाट , नर्मदा मंदिर मुख्य द्वार , नगर के मुख्य तिराहों आदि प्रमुख जगहों पर रंगोली से सजाया जाएगा ।










