एमसीबी। जिले में किसानों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर एमसीबी पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में 30 दिसंबर 2025 को धान उपार्जन केंद्र लाई में साइबर अपराध और यातायात सुरक्षा को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा तथा पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक दीपिका मिंज एवं थाना प्रभारी पोंडी निरीक्षक जवाहरलाल गायकवाड़ के मार्गदर्शन में नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह और पुलिस टीम द्वारा किसानों और ग्रामीण नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सजग किया गया।
धान बेचने पहुंचे किसानों को बताया गया कि आज के डिजिटल दौर में फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी और ओटीपी साझा करना आम समस्या बनती जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी बैंक या सरकारी विभाग फोन पर ओटीपी या गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। ऐसे में सतर्कता ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी जरूरी संदेश दिये गये। किसानों से अपील की गई कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। नशे की हालत में वाहन ना चलायें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम की विशेष पहल के तहत किसानों के मोबाइल फोन में एम-परिवहन (mParivahan) ऐप इंस्टॉल कर डिजिटल ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और चालान संबंधी जानकारी की सुविधा के बारे में बताया गया। किसानों ने इसे समय की आवश्यकता बताते हुए पुलिस की इस पहल की सराहना की। एमसीबी पुलिस ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि आम नागरिक साइबर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रह सकें।










