जुआ खेलते तीन आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
राजेंद्रग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकदी व ताश पत्ते जब्त
राजेंद्रग्राम (अनूपपुर)।थाना राजेंद्रग्राम पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को 18 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बसनिहा क्षेत्र अंतर्गत लेटरान डोला दुर्गा पंडाल तिराहा के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां जुआ खेलते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों में राजकुमार गुप्ता पिता शंकर प्रसाद गुप्ता उम्र 28 वर्ष निवासी पंचायत मोहल्ला बसनिहा, संजय कुमार चंद्रवंशी पिता श्रवण कुमार चंद्रवंशी उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम बसही तथा मनोज कुमार मांझी पिता पूसराम मांझी उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम बसनिहा थाना राजेंद्रग्राम शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से ताश के 52 पत्ते, 13 जुआ एक्सपर्ट कार्ड तथा जुआ फड़ से कुल 2460 रुपये नकद जब्त किए। वहीं मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोग पुलिस को देखकर भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।










