जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत ने 65 आवेदन पत्रों में की सुनवाई
अनूपपुर 9 दिसम्बर 2025/ जिला स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने 65 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के. के. सोनी, सभी तहसीलों के तहसीलदारों एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगणों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनी।
जनसुनवाई में तहसील कोतमा के ग्राम पिपरिया निवासी श्री दिनेश्वर रजक ने भूमि का बंटवारा किए जाने, तहसील जैतहरी के ग्राम क्योटार निवासी श्री मनोज राठौर ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाए जाने, तहसील कोतमा के ग्राम बनिया टोला निवासी दिव्यांग श्रीमती आफरीन अंजुम ने मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल दिलाए जाने, तहसील जैतहरी के ग्राम पाटन निवासी श्रीमती सोनिया बाई ने वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिलाए जाने,
तहसील कोतमा के ग्राम लोहसरा निवासी श्री चरण लाल ने भूमि का एसईसीएल द्वारा अधिग्रहण किए जाने पर रोजगार दिलाए जाने तथा अन्य आवेदकों ने भूमि का सीमांकन एवं नक्शा तरमीम कराए जाने, समग्र आईडी में सुधार कराए जाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने आदि के संबंध में आवेदन दिए।










