लोकेशन कसरावद
जिला खरगोन मध्य प्रदेश
रिपोर्टर अबरार पठान
मोबाइल 9893586792
अंबक नाला नहर सूखी, किसानों का गुस्सा फूटा,दुर्गापुर में महिलाओं संग चक्का जाम
खरगोन । जिले के कसरावद तहसील के किसानों को अंबक नाला नहर में सिंचाई का पानी न मिलने से परेशान दुर्गापुर के किसानों ने बुधवार को मुलठान रोड पर चक्का जाम कर जोरदार विरोध किया। रबी फसलों—गेहूं, चना और सरसों—की बुवाई पूरी होने के बाद भी पानी न मिलने से बीज खराब होने लगे हैं, जिसको लेकर किसानों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी सड़क पर उतर आईं।
किसानों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही और संबंधित अधिकारी सोलंकी की उदासीनता के कारण लगभग 1000 एकड़ जमीन सिंचाई से वंचित है। स्थिति गंभीर होती देख कार्यपालन यंत्री नीलम मेड़ा मौके पर पहुँचीं और वचन दिया कि एक सप्ताह में नहर की सफाई कर पानी छोड़ा जाएगा।
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने बताया कि नहर की 9 किमी की अंतिम छोर तक पानी न पहुँचने से दुर्गापुर ही नहीं, खामखेड़ा के किसान भी प्रभावित हैं। चक्का जाम के दौरान मुलठान रोड पर यातायात लंबा समय बाधित रहा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर पानी नहीं मिला तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा।


















