कोतमा न्यायालय में 9 से 14 नवंबर तक मनाया जाएगा विधिक सेवा सप्ताह, मैराथन दौड़ से होगा शुभारंभ
कोतमा। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 9 से 14 नवंबर तक कोतमा तहसील न्यायालय अंतर्गत विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए कोतमा न्यायालय में पदस्थ प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश गंगा चरण दुबे ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में जागरूकता आधारित कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार की सुबह कोतमा न्यायालय परिसर से मैराथन दौड़ के साथ होगा। इस मैराथन में न्यायालयीन अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, अधिवक्ता, खेल प्रेमी, समाजसेवी, मीडिया प्रतिनिधि एवं आम नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।
विधिक सेवा सप्ताह के दौरान तहसील न्यायालय की ओर से स्कूलों, कॉलेजों, थानों एवं ग्राम पंचायतों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें यातायात नियम, स्वास्थ्य जागरूकता, साइबर सुरक्षा, पास्को एक्ट सहित विभिन्न विधिक अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों एवं युवाओं को संविधान प्रदत्त मूल अधिकारों एवं कर्तव्यों की समझ विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। सप्ताह के अंतिम दिन 14 नवंबर को बाइक रैली भी निकाली जाएगी, जिसमें न्यायालय और समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
अपर सत्र न्यायाधीश गंगा चरण दुबे ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर न्याय जागरूकता के इस अभियान को सफल बनाएं।

















