- पाली में नकली ‘राजश्री’ गुटखे की बड़ी खेप
- हरीश किराना स्टोर में छापामारी, स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक रसायन बरामद
कृष्ण कुमार उपाध्याय मानपुर बांधवगढ़ उमरिया
पाली क्षेत्र में नकली गुटखा कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने हरीश किराना स्टोर में छापा मारकर नकली ‘राजश्री’ गुटखे की बड़ी खेप जब्त की है। कार्रवाई के दौरान हजारों रुपये मूल्य की नकली पुड़ियाँ जब्त की गईं, जिनमें उपयोग किए गए रासायनिक तत्व अत्यंत खतरनाक और स्वास्थ्य के लिए घातक पाए गए हैं
प्रारंभिक जांच में हुआ खुलासा
छापामारी के बाद की गई प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जब्त की गई ‘राजश्री’ गुटखे की पुड़ियाँ पूर्णतः नकली हैं। इनमें उपयोग किए गए रसायनों में कैंसरजन्य तत्वों की मौजूदगी पाई गई है, जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकते हैं
दुकानदार पर कसा शिकंजा
कारीबाई के बाद हरीश किराना स्टोर के संचालक से पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है। दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि यह नकली माल कहां से सप्लाई हो रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं
खाद्य सुरक्षा विभाग पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों और पान मसाला व्यवसायियों ने आरोप लगाया है कि यह अवैध कारोबार खाद्य सुरक्षा विभाग की लापरवाही के चलते लंबे समय से बेरोकटोक चल रहा था। लोगों का कहना है कि यदि विभाग ने समय पर सतर्कता बरती होती तो इतने बड़े स्तर पर नकली गुटखे का व्यापार संभव नहीं हो पाता
जनस्वास्थ्य पर सीधा खतरा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के नकली गुटखों में प्रयोग किए जाने वाले रसायन अत्यंत विषैले होते हैं। इनका सेवन लोगों को कैंसर, लीवर खराबी और अन्य गंभीर बीमारियों की ओर धकेल सकता है। ऐसे में यह केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से खिलवाड़ है
प्रशासन की सख्ती की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में कठोर कार्रवाई करते हुए न केवल दोषी दुकानदार, बल्कि सप्लाई चेन से जुड़े हर व्यक्ति को चिन्हित कर दंडित किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के जघन्य अपराध करने का साहस न कर सके


















