कोरिया। पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में कुमार चौक बैकुंठपुर में नये आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों के संबंध में जनजागरूकता के लिये विशेष स्टाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को आपराधिक न्याय प्रणाली में किये गये महत्वपूर्ण संशोधनों तथा तीनों नये कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की उपयोगिता और प्रभावी प्रावधानों से अवगत कराना रहा।
इस अवसर पर जिला न्यायालय कोरिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) तथा JMFC न्यायिक अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति से कार्यक्रम को विशेष महत्व प्राप्त हुआ और उपस्थित नागरिकों को न्यायिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक नेलशन कुजूर, रनि. विपुल आनंद जागड़े, थाना प्रभारी बैकुंठपुर विपिन लकड़ा, यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े, सउनि धनंजय सिंह सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्टाल में पहुँचकर नये कानूनों से संबंधित प्रश्न पूछे जिनका समाधान न्यायालयीन अधिकारियों, लोक अभियोजन अधिकारियों और अधिवक्ताओं द्वारा किया गया।
कोरिया पुलिस का यह प्रयास नागरिकों में विधिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस विभाग ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की बात कही है ताकि पुलिस जन संवाद और अधिक सुदृढ़ हो सके।


















