खंडहर मकान में मिली युवती की लाश का खुलासा, प्रेम प्रसंग में हत्या; जैतहरी पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी दबोचा

---Advertisement---

खंडहर मकान में मिली युवती की लाश का खुलासा, प्रेम प्रसंग में हत्या; जैतहरी पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी दबोचा

अनूपपुर/जैतहरी।
जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंवारी स्थित एक खंडहर मकान में दो दिन पूर्व मिले युवती के क्षत-विक्षत शव की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा ली। पुलिस ने हत्या के आरोपी रवि उर्फ ठाकुर साहब उर्फ चन्द्रभान राठौर निवासी जैतहरी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मृतिका का मोबाइल बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 15 मार्च को रामखेलावन राठौर निवासी जैतहरी ने सूचना दी कि ग्राम गुंवारी स्थित उसके पुराने खंडहर मकान से तेज दुर्गंध आ रही है। मौके पर जाकर देखने पर कमरे में सड़ी-गली अवस्था में एक युवती का शव पड़ा मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले पर्स, घड़ी, जूती और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान काजल पुरी (24) निवासी लपटा के रूप में हुई, जिसकी गुमशुदगी 18 फरवरी को दर्ज थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि काजल का प्रेम संबंध जैतहरी निवासी रवि उर्फ चन्द्रभान राठौर से था। पुलिस के अनुसार दोनों की पहचान करीब छह माह पहले फेसबुक के माध्यम से हुई थी। बाद में दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकातें होने लगीं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि काजल उस पर शादी का दबाव बना रही थी और घरवालों को संबंध की जानकारी देने की बात कह रही थी। इससे बचने के लिए आरोपी ने 17 फरवरी को उसे कॉलेज जाने के बहाने जैतहरी बुलाया और मोटरसाइकिल से ग्राम गुंवारी स्थित सुनसान खंडहर मकान ले गया। वहां पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए मोबाइल की सिम तोड़कर फेंक दी तथा मोबाइल अपनी दुकान में छिपा लिया।

जैतहरी पुलिस ने साइबर तकनीक और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की दुकान से मृतिका का मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पूरे मामले की कार्रवाई थाना प्रभारी अमर वर्मा के नेतृत्व में की गई। जांच और गिरफ्तारी में अमरलाल यादव, विनोद विश्वकर्मा, सुरेश कुमार कोरी, श्याम शुक्ला, विजयनंद पाण्डेय, मनीष सिंह तोमर, विजय प्रताप सिंह, रामेश्वर शर्मा, मंजू भट्ट तथा साइबर सेल अनूपपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment