एमसीबी/खड़गवां। शनिवार को खड़गवां के सामुदायिक भवन में आयोजित राज्यस्तरीय टीकाकरण अभियान की शुरुआत और किसानों को बोनस राशि अंतरण कार्यक्रम के अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने ग्रामीणों को बड़ी सौगात देते हुए 28 ग्राम पंचायतों को विधायक निधि से पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में शादी-विवाह, अन्नप्राशन और अन्य सामाजिक आयोजनों के दौरान पेयजल की समस्या अक्सर सामने आती है। कई पंचायतों में टैंकर की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामवासियों को असुविधा होती है। उन्होंने कहा की मुझे आप सबकी जरूरतों का पूरा ध्यान है। इसी को देखते हुए विधायक निधि से पानी के टैंकर देने का निर्णय लिया गया है ताकि विशेष अवसरों पर किसी को परेशानी ना हो।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने दो ग्राम पंचायत बरदर और रतनपुर के लिये पानी के टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शेष 26 पंचायतों में खड़गवां, अखराडाढ़, उधनापुर, पैनारी, मुकुंदपुर, भूकभूकी, बरमपुर, छोटे कलुआ, शिवपुर, जड़ हरी, धवलपुर, मझौली, गिद्धमुड़ी, जरौंधा, कोड़ा सहित अन्य पंचायतें शामिल हैं। टैंकर रवाना करने के बाद मंत्री कुछ दूरी तक स्वयं ट्रैक्टर-टैंकर को चलाते नजर आये। इस दौरान उन्होंने अपने किसानी जीवन के पुराने दिनों को याद किया और बताया कि खेती के समय वे स्वयं ट्रैक्टर चलाया करते थे। ग्रामीणों ने इसे किसान पुत्र की पहचान बताते हुए सराहना की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में विभिन्न पंचायतों के किसान, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया।
