सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकथाम के लिए सड़क निर्माण एजेंसियो के साथ संयुक्त बैठक संपन्न
चिन्हित ब्लैक स्पॉट के सुधार और निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा
अनूपपुर 12 अक्टूबर 2025/ सडक दुर्घटनाओं के रोकथाम तथा सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली द्वारा दिए गए निर्देश के परिपेक्ष्य में थाना यातायात अनूपपुर में शनिवार को सभी सड़क निर्माण एजेंसी के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरटीओ अनूपपुर श्री सुरेंद्र गौतम यातायात प्रभारी श्री विनोद दुबे सहित सड़क निर्माण विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत चिन्हित ब्लैक स्पॉट में सुधार कार्य की समीक्षा की गई। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और भविष्य में दुर्घटनाओं के रोकथाम के लिए बैठक में चिन्हित ब्लैक स्पॉट के सुधार संबंधी वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई ।
मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा बताया गया कि चिन्हित 30 स्थलों में से तीन स्थलों पर कार्य प्रगति पर है। नगर पालिका अनूपपुर द्वारा बताया गया कि चार चिन्हित कार्यों में से तीन कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं एक शेष है जो जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि चिन्हित दो स्थलों पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। नेशनल हाईवे के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि चिन्हित 20 स्पॉटों में से 8 स्पॉटों पर कार्य प्रगति पर है।
जिला परिवहन अधिकारी ने सभी सड़क निर्माण विभागों को सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने और कार्य की नियमित प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराने की बात कही है।


















