जनपदवार ग्राम पंचायत अमले की समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने दिए निर्देश
प्रत्येक ग्राम पंचायत के सार्वजनिक स्थानों में प्रारंभ किए जाऐंगे प्याऊ
जिला पंचायत सीईओ ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर कार्यों के पूर्णता पर दिया जोर
अनूपपुर, 28 मार्च 2026/ जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण व संवर्धन के लिए खेत तालाब, डकवेल रिचार्ज के कार्य, चेक डेम, स्टाफ डेम के मरम्मतीकरण तथा तालाब, कुआ, बावड़ी के नवीनीकरण व तालाब के डिसल्टिंग गाद निकालने के कार्य जन सहयोग से किए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अर्चना कुमारी जिला पंचायत सभागार में अनूपपुर एवं कोतमा जनपद तथा जैतहरी के जनपद सभागार में जैतहरी के ग्राम पंचायत तथा जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के स्व सहायता समूह भवन में जनपद पुष्पराजगढ़ के जनपद व ग्राम पंचायत अमले की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
बैठक में संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी, तकनीकी अमला तथा ग्राम पंचायत के सचिव, रोजगार सहायक आदि उपस्थित थे।
जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायतो को लेबर बजट की शत प्रतिशत पूर्ति के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि शेष तीन दिवस में जिन ग्राम पंचायत में लेबर बजट के लक्ष्य की पूर्ति शेष है वहाँ इस कार्य को प्राथमिकता में सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि श्रमिक नियोजन का कार्य कर ग्राम पंचायत में उपयुक्त जल संरक्षण, संवर्धन की उपयोगी संरचना बनाई जाए जिसका ग्रामीणों को लाभ प्राप्त हो।
उन्होंने ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रख जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम पंचायत के सार्वजनिक स्थल पर प्याऊ का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने एक बगिया मां के नाम पौधारोपण की गैप फिलिंग तथा पौधों के संरक्षण, सुरक्षा पर बल दिया।
जिला पंचायत सीईओ ने अमृत सरोवर तालाबों में मत्स्य पालन गतिविधि के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत के सचिव, रोजगार सहायकों को जल संरचनाओं के साफ सफाई गाद निकालने का कार्य जन सहयोग/ श्रमदान के माध्यम से कराए जाने का आवाहन किया।
जिला पंचायत सीईओ ने जेएसजेबी पोर्टल मे जनपद व ग्राम पंचायतवार गतिविधि के फोटोग्राफ अपलोड किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैठक में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के तहत हितग्राहीवार कार्यों की समीक्षा में आवासों की पूर्णता के निर्देश देते हुए ग्राम पंचायत के सचिव, रोजगार सहायकों को प्रो एक्टिव होकर आवास की पूर्णता के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत अभियान अंतर्गत ओडीएफ संबंधी सत्यापन कार्य की पूर्णता तथा वास आन व्हील के तहत स्वच्छता मित्र के सहयोग से शौचालय की साफ-सफाई के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान जिला खनिज निधि तथा अन्य निधियां से स्वीकृत निर्माण कार्यों की पूर्णता पर जोर दिया उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को एक रजिस्टर में दर्ज कर उसे संधारित करने के निर्देश दिए उन्होंने मैदानी स्तर पर संचालित निर्माण कार्यों को समय पर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत सीईओ ने नल जल योजना जिन ग्राम पंचायत में हैंडओवर है वहां पर नल जल योजना का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन, संचालन किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित विद्युत देयक का बिजली विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर भुगतान सुनिश्चित करें।
बैठक में महिला बाल विकास विभाग के नवीन आंगनबाड़ी भवन व बाल सुलभ शौचालय के निर्माण कार्य,मरम्मत कार्य, बाउंड्री वॉल कार्य के संबंध में निर्देश देते हुए जिला पंचायत सीईओ ने कार्यों की पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा विधायक निधि तथा मुख्यमंत्री अधो संरचना निधि के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों की पूर्णता पर जोर दिया।










