जैतहरी की वेल कुंवर राठौर को मिला संगठन का समर्थन
जैतहरी।
जैतहरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत चोरभठी निवासी विधवा, वृद्ध एवं बेसहारा महिला वेल कुंवर राठौर तथा उसके विकलांग पुत्र की जमीन की रक्षा के लिए अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, जिला अनूपपुर ने साथ देने का निर्णय लिया है। यह फैसला संगठन के राज्य नेतृत्व की सदस्य नीना शर्मा की मौजूदगी एवं मार्गदर्शन में लिया गया।
जनवादी महिला समिति की जिला अध्यक्ष पार्वती राठौर (पूर्व जनपद सदस्य) ने बताया कि वेल कुंवर राठौर के पति का निधन लगभग 30–35 वर्ष पूर्व हो चुका है। पति के निधन के बाद वे पूरी तरह बेसहारा हो गई थीं। इस स्थिति का लाभ उठाते हुए परिवार के भतीजे मनमोहन राठौर पर भरोसा करना उनके लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि मनमोहन राठौर ने उनकी जमीन के कुछ हिस्से बेचकर निजी लाभ लिया और मुख्य सड़क से लगी बेशकीमती भूमि पर किसान क्रेडिट कार्ड से ऋण निकलवाकर बोरवेल कराया। इसके बाद उक्त जमीन पर जबरन कब्जा कर पक्का मकान निर्माण शुरू कर दिया गया।
पार्वती राठौर ने आरोप लगाया कि इस मामले में तहसीलदार एवं थाना जैतहरी की मिलीभगत से वेल कुंवर की जमीन छीनी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभ में तहसीलदार द्वारा निर्माण पर अस्थायी स्थगन आदेश जारी किया गया था, लेकिन उसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। शिकायतों के बावजूद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं की गई और कथित रूप से झूठे शपथपत्र व पंचनामा के आधार पर आवेदिका का पक्ष सुने बिना स्थगन आदेश निरस्त कर दिया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि 16 दिसंबर 2025 को सीमांकन के लिए पहुंचे राजस्व अमले के साथ गाली-गलौज व मारपीट की कोशिश की गई, यहां तक कि कुल्हाड़ी लेकर दौड़ाया गया। इसके बाद आनन-फानन में फिर से स्थगन आदेश जारी हुआ, लेकिन उसकी प्रभावी तामीली नहीं हो रही है, जिससे निर्माण कार्य पूरा कराया जा सके।
जनवादी महिला समिति ने स्पष्ट किया कि वह वेल कुंवर राठौर को न्याय दिलाने के लिए कानूनी व जन आंदोलन दोनों स्तरों पर संघर्ष करेगी। साथ ही संगठन ने यह भी निर्णय लिया कि 3 जनवरी 2026 को जैतहरी में देश की पहली महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले की जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी


















