घर–घर पहुंच रही स्वास्थ्य विभाग की टीम
एमसीबी। राज्य में कुष्ठ रोग उन्मूलन के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा समुदाय में संक्रमण रोकथाम और संभावित रोगियों की प्रारंभिक पहचान के लिये सघन अभियान चलाया जा रहा है। समय पर पहचान और उपचार से ना केवल कुष्ठ रोग के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण संभव है बल्कि इससे होने वाली विकलांगता को भी रोका जा सकता है।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने 05 दिसंबर 2025 को समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों और बीपीएम की बैठक लेकर 08 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक विशेष सघन कुष्ठ खोज अभियान संचालित करने के निर्देश दिये थे। इसी क्रम में कलेक्टर डी. राहुल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित कर अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अन्य विभागों से आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अभियान के तहत 08 दिसंबर से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर कुष्ठ रोग के लक्षणों की जांच कर रही हैं। जिन व्यक्तियों में कुष्ठ के धनात्मक लक्षण पाए जाएंगे उनका तत्काल उपचार प्रारंभ कराया जायेगा जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
कलेक्टर डी. राहुल वेंकट और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग प्रदान करें और स्वास्थ्य टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करायें। उन्होंने कहा कि त्वचा पर दाग, सुन्नपन या कोई भी असामान्य परिवर्तन दिखाई दे तो तत्काल जांच करवाना अत्यंत जरूरी है। यह सघन खोज अभियान समुदाय को स्वस्थ, सुरक्षित और कुष्ठ-मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम माना जा रहा है।


















