इनोवा कार से आए चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, फरार आरोपी गिरफ्तार भालूमाड़ा पुलिस की कार्रवाई, चोरी के मामले में न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

---Advertisement---

इनोवा कार से आए चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, फरार आरोपी गिरफ्तार
भालूमाड़ा पुलिस की कार्रवाई, चोरी के मामले में न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देश पर चल रही जांच के दौरान यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बदरा निवासी नागेंद्र कुमार अवस्थी ने 20 जनवरी 2026 को सूचना दी थी कि एम.एन. सिंह पेट्रोल पंप के मालिक संग्राम सिंह इलाज के लिए परिवार सहित नागपुर गए हुए थे और उनका घर बंद था। इसी दौरान 19–20 जनवरी की रात करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर ली।

मामले में भालूमाड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 24/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात कैद हुई, जिसमें नकाबपोश तीन चोर दिखाई दिए, जबकि बाहर खड़ी एक इनोवा कार में दो अन्य लोग बैठे नजर आए। पुलिस ने आसपास और टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें इनोवा कार क्रमांक CG 16 CG 2914 घटना के बाद मैनटोला बिजुरी टोल नाके से मनेन्द्रगढ़ की ओर जाते दिखाई दी।

जांच में सामने आया कि वाहन कुर्वान रजा खान के नाम से पंजीकृत है, जिसने कार अपने मामा ससुर जब्बीर खान को चलाने के लिए दी थी। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि जब्बीर खान अपने साथियों अनीश उर्फ गोल्डन, नंदलाल उर्फ नंदू गिरी, आरिफ खान और पास्टर उर्फ मानवेंद्र लकड़ा के साथ मिलकर बदरा पहुंचा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर अम्बिकापुर स्थित मां अन्नपूर्णा ज्वेलर्स के संचालक नीरज सोनी को करीब 9 लाख रुपये में बेच दिए थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनीश उर्फ गोल्डन, नंदलाल उर्फ नंदू गिरी, वाहन मालिक कुर्वान रजा खान तथा जेवर खरीदने वाले नीरज सोनी को गिरफ्तार किया। नीरज सोनी के कब्जे से लगभग 1 किलो 700 ग्राम चांदी के जेवर, करीब दो तोला सोने की चेन, तीन सोने के लॉकेट और घटना में प्रयुक्त इनोवा कार जब्त की गई। साथ ही 77,050 रुपये नगद भी बरामद किए गए।

इस मामले में एक आरोपी पास्टर उर्फ मानवेंद्र लकड़ा फरार चल रहा था। लगातार दबिश और तलाश के बीच आरोपी ने 16 मार्च 2026 को कोतमा न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलने पर भालूमाड़ा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की और 18 मार्च को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ सिंह मरकाम तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी भालूमाड़ा उप निरीक्षक डी.एस. बागरी, सहायक उप निरीक्षक मणिराज सिंह, सहायक उप निरीक्षक चन्द्रहास बांधेकर और आरक्षक देवेंद्र तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

March 19, 2026

March 19, 2026

March 19, 2026

March 19, 2026

March 19, 2026

March 19, 2026

Leave a Comment