इंदौर के छात्र की सहस्त्रधारा जलप्रपात में डूबने से मौत, दूसरा लापता रिपोर्ट अबरार पठान
खरगोन जिले के महेश्वर मे इंदौर से महेश्वर घूमने आए छात्रों के समूह में से दो छात्र, कुणाल केथवास (19) और साहिल खान, सहस्त्रधारा जलप्रपात में डूब गए। इस हादसे में कुणाल की मौत हो गई, जबकि साहिल का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना रविवार शाम 4 बजे की बताई जा रही है।
एमआर 10 जनकपुरी, इंदौर के रहने वाले कुणाल और हीरा नगर, इंदौर के साहिल अपने 11 दोस्तों के साथ महेश्वर घूमने आए थे। ये सभी दोस्त पहले एक साथ पढ़ते थे। सहस्त्रधारा जलप्रपात पर कुछ दोस्त खाना बना रहे थे, जबकि कुणाल और साहिल नहाने के लिए पानी में उतर गए। बताया जा रहा है कि दोनों को तैरना नहीं आता था। वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
उनके एक दोस्त सत्यम ने उन्हें डूबते देखा और मदद के लिए आवाज़ लगाई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कुणाल को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसे बचाया नहीं जा सका। शाम तक साहिल खान की तलाश जारी रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि तलाशी अभियान अभी भी जारी है। उन्होंने छात्रों के समूह से पूछताछ की है और आगे की कार्रवाई कर रहे हैं। इस दुखद घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।


















