ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
बदनावर। इंद्रावल स्थित प्राचीन श्री नृसिंह मंदिर प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ पौष शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर शनिवार, 03 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे विधिवत रूप से संपन्न हुआ। मेले के शुभारंभ अवसर पर कानवन थाना प्रभारी डीएसपी गगन हंनवत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं मध्य प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त डीएसपी भगवान सिंह सोलंकी विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप कटारे ने अतिथियों का स्वागत साफा (छाप) बंधवाकर एवं पुष्पमालाओं से किया। स्वागत उद्बोधन कन्हैयालाल शर्मा ने दिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार नारायण मकवाना द्वारा किया गया। इस अवसर पर कानवन थाना के एसआई राजेश वर्मा का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया।मुख्य अतिथि डीएसपी गगन हंनवत ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में मेले हमारी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं स्वदेशी परंपराओं का महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहता है। साथ ही उन्होंने श्री नृसिंह भगवान की विराट एवं दर्शनीय प्रतिमा को क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बताया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिकजन उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से राधेश्याम पटेल, शंभूलाल पटेल, राजाराम चौधरी, गोपाल धाकड़, नंदलाल धाकड़, बानेश्वर डावर, बद्रीलाल देवड़ा, सोहन कटारे, राजेश प्रजापत सहित मंदिर समिति की ओर से रामप्रसाद शर्मा, अमर सिंह, पूर्व सरपंच अंबाराम भगत, अंबाराम बारिया एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि इंद्रावल का यह प्राचीन श्री नृसिंह भगवान मेला तीन दिवसीय आयोजन है, जिसमें दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालु एवं व्यापारी बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।


















