एमसीबी। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार अमृतधारा में शीत ऋतु के आगमन के साथ ही सैलानियों और पिकनिक मनाने वालों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो गई है। प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरम वातावरण के कारण यहां ना केवल जिले बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता और जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह के दिशानिर्देश पर थाना प्रभारी पोड़ी निरीक्षक जवाहरलाल गायकवाड और चौकी प्रभारी नागपुर शेषनारायण सिंह पुलिस बल के साथ अमृतधारा पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद सैलानियों से सीधे संवाद कर उन्हें सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से डेंजर जोन, फिसलन भरे क्षेत्रों और झरने के आसपास जोखिम वाले स्थानों पर ना जाने की सख्त हिदायत दी साथ ही पूर्व में हुई दुर्घटनाओं और अप्रिय घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों और समूह में आए पर्यटकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की।
इसके अलावा सैलानियों को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस या संबंधित कर्मचारियों को सूचना दें। नशे की हालत में पानी के पास जाने, ऊंचाई से सेल्फी लेने और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने से बचने की सलाह भी दी गई। मौके पर उपस्थित पर्यटकों ने पुलिस द्वारा किये गये इस जागरूकता प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की विस्तृत जानकारी मिलने से ना केवल सुरक्षा बढ़ती है बल्कि लोग निश्चिंत होकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी ले पाते हैं। पुलिस प्रशासन के इस कदम को सैलानियों की सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।


















