यातायात नियमों के पालन का दिया गया स्पष्ट संदेश
मनेन्द्रगढ़। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह के तहत एमसीबी पुलिस एवं आरटीओ विभाग द्वारा संयुक्त पहल की गई। यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (IPS) के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
*बस स्टैंड और खेड़िया तिराहा पर हुई संयुक्त वाहन जांच*
मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस और आरटीओ स्टाफ ने बस स्टैंड एवं खेड़िया तिराहा क्षेत्र में संयुक्त रूप से बस, ऑटो एवं टैक्सी वाहनों की जांच की। इस दौरान कुल 12 बस, 18 ऑटो एवं 2 टैक्सी चालकों से मौके पर ही वाहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया।
*दस्तावेज पूर्ण रखने की दी गई सख्त हिदायत*
जिन वाहनों के दस्तावेज पूर्ण पाये गये उन्हें आगे भी सभी कागजात दुरुस्त रखकर वाहन चलाने की समझाइश दी गई वहीं जिन चालकों के दस्तावेज अपूर्ण थे। उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समय रहते कागजात पूर्ण करने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में लापरवाही पाये जाने पर चालानी कार्यवाही की जायेगी।
*सीट बेल्ट और नियमों का पालन अनिवार्य*
संयुक्त टीम द्वारा उपस्थित बस, ऑटो एवं टैक्सी चालकों को वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। चालकों को बताया गया कि नियमों का पालन ना केवल जुर्माने से बचाता है बल्कि जीवन की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है।
*सड़क सुरक्षा अभियान रहेगा लगातार जारी*
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके और आम नागरिक सुरक्षित यात्रा कर सकें।


















