अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

मनेन्द्रगढ़ में श्रद्धा की राह पर चला नगर  पावन नगर कीर्तन बना आपसी एकता का प्रतीक

By Santosh Chaurasiya

Published on:

WhatsApp Group Join Now

एमसीबी/ मनेन्द्रगढ़। शुक्रवार को जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में आस्था, अनुशासन और सेवा भाव का अनुपम संगम देखने को मिला जब सिख समाज द्वारा पावन नगर कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। गुरबाणी की मधुर गूंज और संगत की एकस्वर अरदास के बीच पूरा नगर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया। नगर कीर्तन के दौरान मनेन्द्रगढ़ की प्रमुख सड़कों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी सेवा, समर्पण और श्रद्धा के भाव में एक साथ जुड़े नजर आये। गुरबाणी और कीर्तन की स्वर लहरियों ने वातावरण को इस कदर भक्तिमय बना दिया कि मार्ग में खड़े नागरिक भी श्रद्धा से नतमस्तक हो गये।

नगर कीर्तन से पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव सहित कई पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने मनेन्द्रगढ़ स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेकते हुए वाहेगुरु से जिलेवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की अरदास की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सिख समाज द्वारा आयोजित ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे, सद्भाव और सेवा की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं।

जानकारी के अनुसार पावन नगर कीर्तन नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुरुद्वारा साहिब में शांतिपूर्ण एवं अनुशासित रूप से संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में सेवा शिविर, संगत का सहयोग और स्वयंसेवकों की सक्रियता सराहनीय रही। इस अवसर पर सिख समाज के गणमान्यजन, बड़ी संख्या में संगत, स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन ने यह संदेश दिया कि मनेन्द्रगढ़ केवल एक जिला मुख्यालय नहीं बल्कि विविध संस्कृतियों और परंपराओं की साझा आस्था का केंद्र है।

खबरों को शेयर कीजिए। धन्यवाद

Leave a Comment