अनूपपुर।
जिले के ग्राम बरबसपुर एवं भोलगढ़ पंचायत में भ्रष्टाचार, मनमानी और दबंगई के गंभीर आरोप सामने आए हैं। प्राप्त शिकायतों के अनुसार बरबसपुर जनपद पंचायत अंतर्गत सरपंच बिसाहूलाल एवं सचिव पर विभिन्न मदों में मनमाने ढंग से खरीदी-बिक्री, फर्जी बिलों के आधार पर भुगतान और शासकीय राशि के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता संजीव पटेल एवं पंचायत की पंच उर्मिला पटेल ने आरोप लगाया है कि कई कार्यों का भुगतान बिना कार्य कराए ही स्वीकृत कर दिया गया, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका उत्पन्न हो रही है। संबंधित दस्तावेजों के साथ मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की गई है तथा निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
इसी प्रकार ग्राम भोलगढ़ के कई अन्य ग्रामीण शिकायतकर्ता ने सरपंच पर सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता, मनमानी और दबाव बनाकर कार्य कराने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि कार्य में बाधा डालने पर गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी तक दी गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि विरोध करने के बावजूद बलपूर्वक कार्य कराया गया और धमकाकर चुप कराने की कोशिश की गई।
ग्रामीणों ने दोनों मामलों में उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की अपेक्षा की जा रही है।


















