देवभूमि पर ‘अवैध शराब’ का ग्रहण, पायरी क्रमांक 1 में सिद्ध बाबा मंदिर और गौशाला के पास खुलेआम बिक्री, प्रशासन मौन
मित्तल महरा की रिपोर्ट
पायरी। ग्राम पंचायत पायरी क्रमांक 1 में इन दिनों अवैध शराब का कारोबार आस्था और सेवा के केंद्रों को भी दूषित कर रहा है। खाद्य विभाग के सरकारी गोदाम (वेयर हाउस) के समीप अब यह अवैध धंधा देवभूमि सिद्ध बाबा मंदिर और गौशाला के आस-पास के क्षेत्रों में बेखौफ होकर चलाया जा रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस अवैध बिक्री के लिए शराब कथित तौर पर ‘जमुना ठेका’ से लाकर यहां खपाई जा रही है। शराब माफिया बिना किसी अनुमति या लाइसेंस के इन पवित्र स्थानों के पास जम कर शराब बेच रहे हैं।
धार्मिक स्थल और गौशाला का परिसर हो रहा दूषित
सिद्ध बाबा मंदिर, जो स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, और वहीं स्थित गौशाला, जो सेवा का प्रतीक है, इन अवैध गतिविधियों से सीधे प्रभावित हो रहे हैं। शराब पीने वाले लोग खाली शीशियां (सीसी) और बोतलें मंदिर व गौशाला के आस-पास ही फेंक कर चले जाते हैं। इससे न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत हो रही हैं और सेवा कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है।
प्रशासन की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरे गोरखधंधे की जानकारी होने के बावजूद पुलिस और आबकारी विभाग (Excise Department) मूकदर्शक बने हुए हैं। बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बाद भी आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
लोगों में यह चर्चा आम है कि यह अवैध धंधा शायद पुलिस और आबकारी विभाग की ‘देख-रेख’ या मिलीभगत से ही चल रहा है, जिसके कारण अवैध कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद हैं
यह स्थिति अवैध कार्यों पर लगाम लगाने में स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की असफलता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है क्षेत्र की जनता ने जिला के उच्चाधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर इन पवित्र स्थानों की गरिमा बनाए रखने और सख्त कार्रवाई की मांग की है


















