डबरा में करोड़ों की शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाया, रातों-रात बनी बाउंड्री वॉल को जेसीबी से किया गया ध्वस्त
डबरा। शिव कॉलोनी स्टेशन के पीछे वार्ड क्रमांक 23 में स्थित डबरा नगर पालिका की शासकीय भूमि (खसरा नंबर 1846 व 1847) पर असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी-छिपे किया गया अवैध कब्जा आज प्रशासन ने हटा दिया। करीब 1200 वर्ग फीट क्षेत्र में रातों-रात बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा कर लिया गया था, जिसकी सूचना मिलते ही नगर पालिका और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी साक्षी वाजपेई, तहसीलदार दिव्य दर्शन शर्मा तथा नगर पालिका व राजस्व विभाग के अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से खड़ी की गई बाउंड्री वॉल को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया और भूमि को पुनः नगर पालिका के कब्जे में लिया गया।
संबंधित जमीन की कीमत कऱोड़ों रुपये में आंकी जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।


















