पति ने तीन तलाक बोलकर पत्नी और दो साल की मासूम को घर से निकाला बाहर, पीड़िता ने SP से की कार्रवाई की मांग
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना के दिमनी क्षेत्र के चांदपुर गांव की मुस्लिम महिला अपनी दो साल की बच्ची व दादी के साथ एसपी आफिस पहुंची। उसने आवेदन देकर बताया कि उसके पति ने तीन तलाक बोलकर उसे उसकी बच्ची के साथ घर से निकाल दिया। अब बूढ़ी दादी के साथ चांदपुर गांव में रह रही है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से पति, सास व ससुर पर मारपीट व तीन तलाक देकर घर से निकालने का अपराध दर्ज करने की मांग की।
चांदपुर गांव निवासी रूखसाना ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी राजाखेड़ा राजस्थान के जलाल से हुई है। शादी के बाद से ही पति जलाल, ससुर रफीक व सास रहीसा उसकी मारपीट और प्रताड़ित करने लगे। गत 18 अप्रैल 2025 को पति, सास व ससुर ने मारपीट कर दो साल की बच्ची के साथ घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद तीन बार तलाक बोलकर छोड़ दिया।


















