ओरियंट पेपर मिल के खिलाफ उबाल, 7 सूत्रीय मांगों को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों का धरना
सोन नदी में प्रदूषण व स्थानीय रोजगार का मुद्दा उठा, 15 दिन में समाधान का आश्वासन
अनूपपुर। जिले के नगर परिषद बरगवां अमलाई क्षेत्र में स्थित ओरियंट पेपर मिल (कास्टिंग सोडा यूनिट) के गेट के सामने गुरुवार को नगर परिषद उपाध्यक्ष राज तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और समर्थकों ने 7 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मिल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सोडा फैक्ट्री से निकलने वाला गंदा पानी सीधे सोन नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे पवित्र नदी का जल प्रदूषित हो रहा है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है
धरने में शामिल लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मिल प्रबंधन द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जा रही है, जिससे क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या बनी हुई है। इसी को लेकर नगरवासियों में लंबे समय से नाराजगी थी, जो गुरुवार को धरना-प्रदर्शन के रूप में सामने आई
प्रदर्शन की सूचना पर जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से चर्चा की प्रशासन की ओर से 15 दिनों के भीतर सभी मांगों पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया
इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष राज तिवारी ने कहा कि यदि तय समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे


















