मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने गणना पत्रक किये जा रहे एकत्रित
एमसीबी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और पूर्णतः त्रुटि-रहित बनाने का कार्य तेजी से जारी है। निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर जाकर मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिये गये हैं जिसके तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बीएलओ लगातार क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं।
अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा प्रत्येक घर में जाकर गणना पत्रक एकत्रित किये जा रहे हैं और नागरिकों से प्राप्त जानकारी का स्थल पर मिलान भी किया जा रहा है। मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी तहसील के बीएलओ ने कई घरों का भ्रमण कर मतदाताओं के नाम, पते, आयु और अन्य आवश्यक तथ्यों का सत्यापन किया। बीएलओ मतदाताओं को यह भी समझा रहे हैं कि सही और पूर्ण जानकारी देना क्यों आवश्यक है क्योंकि छोटी सी त्रुटि भी मतदाता सूची की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकती है साथ ही वे लोगों को नये मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत व्यक्तियों के नाम हटाने, दोहराई गई प्रविष्टियों के सुधार और फॉर्म-6, फॉर्म-7, फॉर्म-8 की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दे रहे हैं। ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्रदान कर उन्हें आवेदन भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि हर पात्र नागरिक का नाम सूची में सम्मिलित हो सके और कोई भी व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित ना रह जाये। अभियान के चलते शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ी है और नागरिक स्वयं भी अपने विवरण सुधारने और नये नाम जोड़ने में रुचि दिखा रहे हैं।
जिले में चल रहा यह विशेष पुनरीक्षण अभियान आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रहा है क्योंकि सटीक, अद्यतन और त्रुटि-रहित मतदाता सूची ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सबसे मजबूत नींव मानी जाती है। बीएलओ की सक्रियता और नागरिकों के सहयोग से उम्मीद है कि जिले की मतदाता सूची अधिक सुव्यवस्थित, सटीक और भरोसेमंद रूप में तैयार होगी जिससे चुनाव प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगी।


















