हनुमान जन्मोत्सव पर अमलाई में उमड़ेगा आस्था का जन सैलाब,
चीनी मित्र मंडली के नेतृत्व में ऐतिहासिक शोभा यात्रा का होगा आगाज

अमलाई। 2 अप्रैल गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर अमलाई नगर भक्ति, उत्साह और श्रद्धा के रंग में डूबा नजर आएगा। पवन चीनी मित्र मंडली के नेतृत्व में आयोजित होने वाली भव्य और ऐतिहासिक शोभा यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। नगर परिषद बरगवां अमलाई के वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन कुमार चीनी के मार्गदर्शन में इस आयोजन को विशेष रूप से भव्य बनाने की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं

शोभा यात्रा शाम 4 बजे शिव मंदिर बस स्टैंड अमलाई से प्रारंभ होकर डोगरिया टोला स्थित सिद्ध बाबा धाम तक पहुंचेगी। पूरे मार्ग को आकर्षक सजावट, झंडे, बैनर और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है, जिससे नगर में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालुओं द्वारा शोभा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। यात्रा में आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़े और धार्मिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी, वहीं युवाओं में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में डोगरिया टोला स्थित सिद्ध बाबा धाम में भी हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य एवं विराट आयोजन किया जाएगा। यहां विराजमान 11 मुखी हनुमान जी की विशेष महिमा बताई जा रही है, जिन्हें मध्य प्रदेश में अद्वितीय माना जा रहा है। पहाड़ी पर स्थित इस स्थल तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं द्वारा बनाए गए सुगम मार्ग और सीढ़ियां श्रद्धालुओं के लिए सुविधा प्रदान कर रही हैं। प्राकृतिक सुंदरता से घिरे इस धाम में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।
जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, भव्य भंडारे और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं का मानना है कि यहां दर्शन करने से मन को अद्भुत शांति और सुकून प्राप्त होता है। आने वाले समय में यह स्थल एक प्रमुख धार्मिक एवं संभावित पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित हो सकता है।
पार्षद एवं समाजसेवी पवन कुमार चीनी ने कहा कि यह आयोजन अमलाई के लिए एक मिसाल बनेगा और नगर को एक नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन को भव्य, अनुशासित और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन द्वारा भी भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हनुमान जन्मोत्सव के इस अवसर पर अमलाई एक बार फिर आस्था, एकता और भक्ति का संदेश देता नजर आएगा, जहां “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहेगा। जिसमें समस्त अमलाई नगर वासियों का सहयोग अति आवश्यक है l









