शहीद वीर नारायण सिंह की पुण्यतिथि पर कोरिया पुलिस द्वारा दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
कोरिया। छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी महान जननायक और राष्ट्रभक्त शहीद वीर नारायण सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर 10 दिसंबर 2025 को कोरिया पुलिस द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद वीर नारायण सिंह के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे (भा.पु.से.) ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये और उनके अद्वितीय साहस, त्याग और देशभक्ति को नमन किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान ना केवल छत्तीसगढ़ बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर देशवासियों में स्वतंत्रता की चेतना जगाई और अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने शहीद के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके योगदान को स्मरण किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शहीद वीर नारायण सिंह के जीवन संघर्ष, जनसेवा और राष्ट्रप्रेम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शहीदों के आदर्शों को आत्मसात कर देश की सेवा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम अंत में शहीद वीर नारायण सिंह अमर रहें के उद्घोष के साथ सम्पन्न हुआ।


















