अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने झगराखाण्ड नगर पंचायत में की विकास कार्यों की समीक्षा  नगर पंचायत अध्यक्ष रीमा रमेश यादव के नेतृत्व में झगराखाण्ड को विकास की नई दिशा, प्राथमिक जरूरतों पर हुआ मंथन

By Santosh Chaurasiya

Published on:

WhatsApp Group Join Now

 

 

मनेन्द्रगढ़। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शनिवार को जिला मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर (एमसीबी) अंतर्गत नगर पंचायत झगराखाण्ड के कार्यालय का दौरा कर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव, मुख्य नगर अधिकारी बसंत राम, उपाध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पार्षद, भाजपा पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य मंत्री के आगमन को लेकर नगर पंचायत कार्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। बैठक के दौरान मंत्री श्री जायसवाल ने नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किये जायें जिससे आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा ना हो।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष चर्चा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती तथा आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुलभ, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याएं स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखीं। इनमें पेयजल संकट, जर्जर सड़कों की मरम्मत, नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित कराने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश दिये।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीमा रमेश यादव ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का झगराखाण्ड आगमन नगर के विकास के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि हाल ही में वे कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई हैं और भाजपा की विकासोन्मुखी सोच, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहता बल्कि योजनाएं धरातल पर उतरती हैं और जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है। श्रीमती यादव ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्तिकरण को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष विस्तृत मांगें रखी गई हैं जिन पर सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार और स्थानीय निकाय के बेहतर समन्वय से झगराखाण्ड नगर पंचायत को विकास की नई दिशा मिलेगी।

नगर पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए निरंतर संवाद और जमीनी स्तर पर निगरानी आवश्यक है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर अपने सुझाव साझा किये। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और स्वास्थ्य मंत्री के इस दौरे को झगराखाण्ड नगर पंचायत के लिये विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया है।

Leave a Comment