दशहरे पर बदरा में भव्य काली माता का जुलूस: आस्था और रोमांच का अद्वितीय संगम
अनूपपुर/बदरा। दशहरे के शुभ अवसर पर बदरा का माहौल एक बार फिर शक्ति, भक्ति और उत्साह से गूंज उठेगा। महामाया मंदिर परिसर से ठाकुर बाबा तक निकले वाला काली माता का विशाल और परंपरागत जुलूस इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण बनेगा।
पिछले कई दशकों से चली आ रही यह परंपरा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि बदरा और आसपास के ग्रामीण अंचल की सांस्कृतिक धरोहर भी है। नवरात्रि के नौ दिन की पूजा और साधना के बाद दशहरे के दिन काली माता की सवारी पूरी भव्यता और रहस्यमयता के साथ निकलती है। विशेष रूप से खप्पर की परंपरा श्रद्धालुओं में अद्भुत उत्साह और ऊर्जा भर देती है।
जुलूस में माँ काली की झांकी के साथ अन्य देवी-देवताओं के रूप भी सजीव रूप में दिखाई देंगे। ढोल–नगाड़ों की थाप, मंत्रोच्चार, पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक झांकियाँ माहौल को अलौकिक बना देती हैं। ग्रामीण अंचलों से उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ इस आयोजन की भव्यता को और बढ़ा देती है।
बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर वर्ग के लोग जुलूस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। रंग-बिरंगे वेशभूषाओं में सजे ग्रामीण जुलूस को और जीवंत और आकर्षक बना देते हैं। काली माता का तेजस्वी स्वरूप श्रद्धालुओं को भक्ति और रोमांच की अद्वितीय अनुभूति कराता है।
स्थानीय मंदिर समिति और ग्रामीण मिलकर जुलूस की तैयारियों में जुटे हैं। सुरक्षा, रोशनी और ध्वनि व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि यह ऐतिहासिक आयोजन सुरक्षित और यादगार बने।
यह जुलूस केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि बदरा की अमिट सांस्कृतिक पहचान और लोकजीवन की परंपरा है, जो हर वर्ष दशहरे पर हजारों श्रद्धालुओं के हृदयों में भक्ति, उल्लास और रोमांच की अनुभूति कराता है।


















