श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन ने किया उद्घाटन, महिलाओं की सहभागिता से सशक्तिकरण को मिला नया आयाम
बिलासपुर, 13 दिसंबर 2025
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में शुक्रवार को ‘एसईसीएल नारी शक्ति खेल महोत्सव–2025’ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन द्वारा किया गया। यह दो दिवसीय खेल महोत्सव 13 एवं 14 दिसंबर को वसंत विहार खेल मैदान, एसईसीएल बिलासपुर में आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन अवसर पर श्रीमती शशि दुहन ने ध्वजारोहण कर खेल महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनियों में संभवतः यह अपनी तरह का पहला ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव’ है, जो एसईसीएल की महिलाओं की पहल और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिलाओं की ऊर्जा, आत्मविश्वास और टीम भावना का उत्सव है।
कार्यरत एवं गृहिणी महिलाओं को एक मंच पर लाने वाला यह आयोजन आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करेगा। इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती हसीना कुमार एवं श्रीमती विनिता जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों का स्वागत शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती सुजाता रानी, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना), एसईसीएल मुख्यालय द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। खेलों की शुरुआत में पर्पल, ब्लू, ग्रीन एवं रेड समूह के प्रतिभागियों का परिचय कराया गया। श्रीमती शशि दुहन ने स्वयं ‘पिट्टू’ खेल में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव में 50 मीटर, 100 मीटर दौड़, 4×50 मीटर रिले, बैडमिंटन, खो-खो, शतरंज एवं टेबल टेनिस के साथ-साथ मटका रेस, जलेबी रेस, तीन टांग दौड़ एवं नींबू दौड़ जैसे मनोरंजक खेल भी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल में महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी वर्ष कोल इंडिया की पहली महिला डिस्पेंसरी की शुरुआत एसईसीएल में की गई। श्रद्धा महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित यह खेल महोत्सव सकारात्मकता, खेल भावना और नारी सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने वाला है।
इसी प्रकार के नारी शक्ति खेल महोत्सव एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका भव्य फाइनल आगामी दिनों में एसईसीएल हसदेव क्षेत्र में आयोजित होगा। मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन समारोह 14 दिसंबर 2025 को अपराह्न में होगा, जिसमें सीएमडी श्री हरीश दुहन एवं निदेशक मंडल द्वारा विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।


















