जमुना कालरी, अनूपपुर।
जमुना कालरी में आयोजित स्वर्गीय सुनील कोरी स्मृति जिला स्तरीय ओपन वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का फाइनल मुकाबला रोमांच, जोश और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। टूर्नामेंट के निर्णायक मुकाबलों को देखने बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला बिजुरी और अंबिकापुर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला कवर्धा (छत्तीसगढ़) की टीम और अनूपपुर पुलिस (मध्यप्रदेश) के बीच खेला गया। मुकाबले की शुरुआत से ही अनूपपुर पुलिस की टीम का दबदबा देखने को मिला। सधे हुए खेल, मजबूत सर्विस और बेहतरीन समन्वय के दम पर अनूपपुर पुलिस ने कवर्धा की टीम को लगातार तीन सेटों में 0–3 से पराजित कर फाइनल मुकाबला अपने नाम किया और खिताब पर कब्जा जमाया।
यह जिला स्तरीय खेल आयोजन मेन दुर्गा पंडाल, वार्ड क्रमांक–04, जमुना कालरी, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) में आयोजित किया गया, जहां पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभाकर राम त्रिपाठी (लोकप्रिय महाप्रबंधक, जमुना–कोतमा क्षेत्र) तथा विशिष्ट अतिथि राम अवध सिंह (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद पसान) रहे। अपने संबोधन में प्रभाकर राम त्रिपाठी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम हैं और ऐसे आयोजन अनुशासन, टीम भावना व सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को समर्थन देने की बात कही।
आयोजकों द्वारा घोषित पुरस्कारों के अनुसार विजेता टीम को ₹15,000 की प्रथम पुरस्कार राशि राम अवध सिंह की ओर से प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम को आयोजन समिति की ओर से ₹10,000 का द्वितीय पुरस्कार दिया गया। इसके अतिरिक्त फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबले का संचालन निर्णायक मनोज तिवारी, आलोक एवं बृजमोहन तिवारी द्वारा निष्पक्ष रूप से किया गया। वहीं पूरे फाइनल मैच की आकर्षक और जोशीली कंमेंट्री राजकमल द्वारा की गई, जिसने दर्शकों में अतिरिक्त उत्साह भर दिया।
व्यवस्थाओं की दृष्टि से टेंट, लाइट, बाल रोकने के लिए जाली एवं साउंड सिस्टम की संपूर्ण व्यवस्था राम अवध सिंह द्वारा कराई गई थी। आयोजन की जिम्मेदारी जमुना वॉलीबॉल कमेटी, जमुना कालरी ने सफलतापूर्वक निभाई। स्थानीय पार्षद विकास जायसवाल सहित कमेटी के सदस्यों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समापन अवसर पर मंच पर महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी के साथ अजय यादव, उदयराज चाचू, लाल बहादुर जायसवाल, संजय सिंह, उमेश मिश्रा, सचिन जायसवाल, सुखविंदर सिंह, नरेश चंद शर्मा एवं सूर्य प्रकाश लोधी की गरिमामयी उपस्थिति रही।


















