स्व. अमृत लाल सिंह परिहार की पुण्यतिथि पर भागवत कथा का भव्य आयोजन
कोलहुवा भटिया में 8 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा सम्पन्न, विशाल भंडारे के साथ समापन
कोलहुवा भटिया
स्वर्गीय अमृत लाल सिंह परिहार की वार्षिक पुण्यतिथि के अवसर पर परिहार परिवार द्वारा ग्राम कोलहुवा भटिया में दिनांक 22 दिसंबर से 29 दिसंबर तक श्रीमद् भागवत कथा का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन किया गया। कथा का वाचन आचार्य श्री पवन मिश्रा (अयोध्या धाम) के श्रीमुख से हुआ, जिनकी अमृतमयी वाणी से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
आयोजन के शुभारंभ पर श्रोताओं के निवास स्थान से आदि शक्ति जगत जननी मां भटिया मंदिर तक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें 40–50 वाहनों सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। कथा के दौरान भागवत महात्म्य, सुकदेव आगमन, कपिल, ध्रुव, प्रह्लाद, वामन चरित्र, श्रीकृष्ण जन्म, ब्रज व गोवर्धन लीला, कंस वध, द्वारिकापुरी निर्माण, रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र सहित अनेक दिव्य प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया।
29 दिसंबर को वर्षी पूजा, हवन-पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ आयोजन का समापन हुआ। जैतपुर तहसील सहित आसपास के अनेक गांवों से श्रद्धालुओं की बड़ी सहभागिता रही।
इस अवसर पर श्रीमती संतोषी सिंह, सुरेंद्र सिंह, विनोद सिंह परिहार (तहसीलदार) एवं समस्त परिहार परिवार ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं व अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।


















