महिला सशक्तीकरण केंद्र ने दिया प्रभावी साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण
एमसीबी। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डी. राहुल वेंकट के निर्देश तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी आर.के. खाती के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महिला सशक्तीकरण केंद्र (हब) के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत आयोजित 16 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शासकीय हाई स्कूल बंजी में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसका नेतृत्व जिला समन्वयक श्रीमती तारा कुशवाहा ने किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को लिंग आधारित हिंसा, डिजिटल हिंसा, साइबर बुलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न से बचाव की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना रहा। छात्राओं को बताया गया कि लिंग के आधार पर होने वाली हिंसा उनके मानसिक-शारीरिक विकास और भविष्य के अवसरों पर नकारात्मक प्रभाव डालती है।
साइबर सुरक्षा सत्र में छात्राओं को सोशल मीडिया पर बढ़ते अपराध, डेटा शेयरिंग की सावधानियां, डिजिटल ट्रैप से सतर्क रहने के उपाय तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं के अधिकार, समान अवसरों, सामाजिक भेदभाव के विभिन्न आयामों सहित वीरांगनाओं के प्रेरक जीवन प्रसंगों पर चर्चा की गई और उन्हें शिक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता को अपना मुख्य हथियार बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही विभाग की प्रमुख योजनाओं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, सखी वन-स्टॉप सेंटर, घरेलू हिंसा संरक्षण अधिनियम 2005, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 एवं पॉक्सो एक्ट—की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को योजनाओं से संबंधित ब्रोशर भी वितरित किए गये।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति हब एवं सखी केंद्र के कर्मचारी, विद्यालय प्राचार्य, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


















