एसईसीएल जमुना कोतमा क्षेत्र में अंतरक्षेत्रीय सांस्कृतिक मिलन का शुभारंभ
महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी ने किया उद्घाटन, कल होगा फाइनल एवं पुरस्कार वितरण

जमुना/कोतमा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड जमुना कोतमा क्षेत्र में अंतरक्षेत्रीय सांस्कृतिक मिलन 2025-26 अंतर्गत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ आज बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्र के लोकप्रिय महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी ने किया ।
कार्यक्रम बंकिम विहार, जमुना कॉलरी स्थित मंच पर दो दिवसीय श्रृंखला के रूप में आयोजित किया जा रहा है पहले दिन विभिन्न मंचों पर भारतीय एवं क्षेत्रीय लोक नृत्य, लोक गीत, कव्वाली, हास्य अभिनय, ओडिसी एवं संगीत प्रस्तुति जैसे आकर्षक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को देर शाम तक बांधे रखा।
महाप्रबंधकत्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि एसईसीएल न केवल उत्पादन और ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी है, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है उन्होंने कलाकारों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम कार्यस्थल वातावरण में सकारात्मकता और रचनात्मकता को बढ़ाते हैं।
विशेष आकर्षण
कार्यक्रम स्थल पर आज विभिन्न इकाइयों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय परंपरा, लोक संस्कृति और आधुनिक कला का सुंदर संगम पेश किया दर्शकों से मंच का हॉल पूरा भरा रहा और तालियों की गड़गड़ाहट रुकने का नाम नहीं ले रही थी।
फाइनल और मुख्य अतिथि का आगमन
कल दिनांक 11 नवंबर 2025 को फाइनल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा इस अवसर पर एसईसीएल बिलासपुर से मानव संसाधन निदेशक बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे उनके करकमलों से विजेता एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा साथ ही जमुना कोतमा क्षेत्र के कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक समापन प्रस्तुति दी जाएगी।
समापन
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासनिक विभाग, सीएसआर प्रकोष्ठ, सांस्कृतिक समिति एवं क्षेत्र के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सामूहिक सांस्कृतिक और सामाजिक एकजुटता को आगे बढ़ाने वाला यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है


















