निगरानी बदमाश दुर्गेश नाहर पर गिरी कानून की गाज,थाना प्रभारी गायकवाड़ की सख्ती
कई मामलों का आरोपी गिरफ्तार
एमसीबी। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देश में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के समस्त थाना प्रभारियों को सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये गये हैं। इसी क्रम में नवपदस्थ थाना प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल गायकवाड़ ने थाना पोड़ी का कार्यभार संभालते ही अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं।
थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण के तुरंत बाद क्षेत्र के निगरानी बदमाश दुर्गेश नाहर पिता दुर्गा प्रसाद नाहर उर्फ बंटी (उम्र 34 वर्ष) जाति डोमार निवासी वार्ड क्रमांक 03 लेबर ब्लॉक पोड़ी जिला मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर (छ.ग.) के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की गई।
सूत्रों के अनुसार आरोपी दुर्गेश नाहर के खिलाफ थाना पोड़ी में बलात्कार, मारपीट, धमकी, लूटपाट एवं अन्य गंभीर अपराधों के कई प्रकरण दर्ज हैं। इसके चलते वह पुलिस की निगरानी सूची में शामिल था।
9 नवम्बर 2025 को एक आवेदक द्वारा दुर्गेश नाहर के विरुद्ध लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई जिसमें उसके आपराधिक व्यवहार और क्षेत्र में उत्पन्न भय का उल्लेख था। शिकायत प्राप्त होते ही थाना प्रभारी गायकवाड़ ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू की। कानूनी प्रावधानों के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल गायकवाड़ ने बताया कि अपराध पर पूर्ण नियंत्रण और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बहाल करना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूरे अभियान में थाना पोड़ी स्टाफ की टीम सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों ने सराहनीय योगदान दिया।


















